चन्दौली पुलिस का जंगलों में सघन कांबिंग अभियान: नौगढ़ के मझगावा और जय मोहनी में सर्च ऑपरेशन के साथ ग्रामीणों से किया सीधा संवाद ।
रिपोर्ट मदन मोहन नौगढ़ चंदौली
चन्दौली। जनपद में पूर्व की नक्सली गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश बनाए रखने और सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के उद्देश्य से चन्दौली पुलिस ने सोमवार को जंगलाती व संवेदनशील इलाकों में व्यापक चेकिंग एवं कांबिंग अभियान चलाया। क्षेत्राधिकारी नौगढ़ देवेन्द्र कुमार के कुशल नेतृत्व में थाना चकरघट्टा पुलिस और क्विक रिस्पांस टीम (QRT) ने संयुक्त रूप से ग्राम मझगावा, जय मोहनी तथा आसपास की पहाड़ियों में फ्लैग मार्च और सघन सर्च ऑपरेशन चलाया।
जंगलों की तलाशी और सुरक्षा चेकिंग
पूर्ण सुरक्षा उपकरणों से लैस पुलिस बल एवं QRT टीम ने भौगोलिक रूप से दुर्गम रास्तों, पगडंडियों और संभावित छिपने के स्थानों की बारीकी से जांच की। अभियान का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रविरोधी व असामाजिक तत्वों की आवाजाही पर पूरी तरह रोक लगाना है।
ग्रामीणों से सीधा संवाद और सुरक्षा का माहौल
कांबिंग के बाद पुलिस टीम ने दोनों गांवों में चौपाल लगाकर स्थानीय नागरिकों, युवाओं और बुजुर्गों से बातचीत की। इस दौरान ग्रामीणों ने पुलिस को आश्वस्त किया कि वर्तमान में क्षेत्र में पूरी तरह शांतिपूर्ण माहौल है और किसी भी प्रकार की संदिग्ध या नक्सली गतिविधि नहीं देखी गई है। ग्रामीणों ने शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की पहुंच पर भी संतोष व्यक्त किया।
सीओ नौगढ़ की अपील
क्षेत्राधिकारी नौगढ़ ने ग्रामीणों से अपील की कि वे किसी भी अनजान या संदिग्ध व्यक्ति को शरण न दें। जंगलों या गांव के आसपास कोई भी संदिग्ध गतिविधि दिखने पर उसकी सूचना तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम या थानाध्यक्ष के CUG नंबर पर दें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।
चन्दौली पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आमजन की सुरक्षा और भयमुक्त वातावरण बनाए रखने के लिए इस प्रकार के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।




0 टिप्पणियाँ